:: पलासिया से गीता भवन तक ट्रैफिक पुलिस का क्लीन स्वीप; सड़क घेरे खड़े शोरूम कर्मचारियों में मची भगदड़ :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की यातायात व्यवस्था को चुनौती देने वाले शोरूम संचालकों और बेतरतीब पार्किंग करने वालों के विरुद्ध इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने गुरुवार को बड़ा अभियान चलाया। पलासिया चौराहा से गीता भवन के बीच मुख्य मार्ग को पार्किंग स्टैंड बनाने वाले शोरूमों के बाहर जब पुलिस का डंडा चला, तो वहां हड़कंप मच गया। नियमों की धज्जियाँ उड़ाकर तीन-तीन कतारों में खड़े किए गए वाहनों पर पुलिस ने मौके पर ही टायर लॉक जड़ दिए। एसीपी यातायात हिंदू सिंह मुवेल के नेतृत्व में टीम जब क्षेत्र में पहुँची, तो पाया कि कई शोरूम और दुकानों के बाहर वाहन फुटपाथ और सड़क के आधे हिस्से तक फैले हुए थे। अव्यवस्थित पार्किंग के कारण न केवल यातायात बाधित हो रहा था, बल्कि पैदल यात्रियों के लिए सड़क पर चलना दूभर हो गया था। पुलिस ने बिना किसी रियायत के इन सभी वाहनों पर लॉक लगाकर चालानी कार्यवाही शुरू की। :: अनाउंसमेंट होते ही मची अफरा-तफरी :: यातायात पुलिस द्वारा जब लाउडस्पीकर के माध्यम से सख्त हिदायत दी गई, तो शोरूमों के अंदर मौजूद कर्मचारी और ग्राहक अपनी गाड़ियाँ बचाने के लिए सड़क की ओर दौड़ पड़े। कई कर्मचारी पुलिस की कार्यवाही से बचने के लिए जल्दबाजी में वाहन हटाते नजर आए। पुलिस ने मौके पर ही शोरूम मालिकों को चेतावनी दी कि वे अपनी निजी पार्किंग का उपयोग सुनिश्चित करें, अन्यथा भविष्य में और भी कठोर दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे। :: सड़कें हुईं चौड़ी और व्यवस्थित :: पुलिस की इस सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पलासिया-गीता भवन मार्ग की सूरत बदली हुई नजर आई। फुटपाथ और सड़क किनारे से वाहन हटने के बाद यातायात सुचारू हुआ और सड़कें पहले की तुलना में अधिक चौड़ी दिखने लगीं। :: नियमित रूप से जारी रहेगी कार्रवाई :: डीसीपी ट्रैफिक राजेश कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। शहर के अन्य व्यस्त मार्गों पर भी नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों को इसी तरह लॉक किया जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे शहर के यातायात को बेहतर बनाने के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। प्रकाश/19 फरवरी 2026