राज्य
19-Feb-2026
...


:: बम निरोधक दस्ते और विजय नगर पुलिस ने सिखाए बचाव के गुर; लावारिस वस्तुओं से निपटने का हुआ जीवंत अभ्यास :: इंदौर (ईएमएस)। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए इंदौर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में बुधवार को राजश्री अपोलो हॉस्पिटल में सुरक्षा संबंधी व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर.के. सिंह और पुलिस उपायुक्त (आसूचना एवं सुरक्षा) राजेश व्यास के मार्गदर्शन में आयोजित इस ड्रिल का मुख्य उद्देश्य किसी अप्रत्याशित संकट के समय पुलिस, प्रशासन और संस्थान के बीच बेहतर तालमेल बिठाना था। सुरक्षा शाखा एवं बम निरोधक दस्ते (बीडीडीएस टीम) ने हॉस्पिटल के सुरक्षा स्टाफ के साथ मिलकर किसी लावारिस या संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने पर की जाने वाली त्वरित कार्यवाही का जीवंत अभ्यास किया। :: विशेषज्ञों की निगरानी में हुआ अभ्यास :: सहायक पुलिस आयुक्त (सुरक्षा-1) श्रीमती प्रीति तिवारी और बीडीडीएस प्रभारी निरीक्षक खालिद मुश्ताक के नेतृत्व में विजय नगर थाना प्रभारी व उनकी टीम ने अस्पताल कर्मियों को प्रशिक्षित किया। ड्रिल के दौरान बताया गया कि संकट के समय जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाए, भीड़ को कैसे नियंत्रित किया जाए और विस्फोटक जैसी वस्तुओं की सूचना तत्काल कैसे साझा की जाए। :: आमजन को दी गई समझाइश :: मॉक ड्रिल के बाद पुलिस अधिकारियों ने हॉस्पिटल की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान वहां उपस्थित मरीजों के परिजनों और अन्य नागरिकों को भी जागरूक किया गया कि किसी भी संदिग्ध वस्तु को देखने पर क्या करें और क्या न करें। इंदौर पुलिस द्वारा भविष्य में भी शहर के अन्य महत्वपूर्ण और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर इस प्रकार की सुरक्षा चेकिंग जारी रहेगी। प्रकाश/19 फरवरी 2026