कोरबा (ईएमएस) कोरबा-चांपा मार्ग अंतर्गत उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सूपातराई स्थित तालाब में एक बुजुर्ग ग्रामीण की डूबी लाश मिली हैं। जानकारी के अनुसार ग्रामीण रोजाना की तरह सुबह घर से दातुन तोड़ने के नाम से निकला हुआ था। मामले की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि ग्रामीण प्रतिदिन सुबह टहलने और दातुन करने के बाद कुछ ही समय में वापस घर लौट आते थे। कई घंटे बीत जाने के बाद भी जब वे घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों को चिंता सताने लगी। परिजनों ने आसपास क्षेत्र में उनकी खोजबीन शुरू की। खोजबीन के दौरान गांव के तालाब में उनका शव दिखाई दिया। तत्कााल इसकी सूचना उरगा थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।