क्षेत्रीय
20-Feb-2026
...


- भोपाल में अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस पर विशेष आयोजन - उर्दू–मराठी अकादमी के निदेशक करेंगे शिरकत भोपाल (ईएमएस)। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर 21 फरवरी को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मानविकी एवं उदार कला संकाय तथा भाषा शिक्षण केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में शारदा सभागार में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक यह आयोजन होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय भाषाई विविधता के महत्व को रेखांकित करना और विद्यार्थियों में मातृभाषाओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश उर्दू अकादमी की निदेशक डॉ. नुसरत मेहंदी और विशिष्ट अतिथि के रूप में मराठी साहित्य अकादमी के निदेशक संतोष गोडबोले उपस्थित रहेंगे। दोनों अतिथि मातृभाषाओं के संरक्षण और संवर्धन पर अपने विचार साझा करेंगे। आयोजन की संयोजक डॉ. पूनम मटकर ने बताया कि मातृभाषा हमारी सांस्कृतिक पहचान और ज्ञान परंपरा का मूल आधार है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शोधार्थियों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। विशेष व्याख्यान, मातृभाषा में काव्य पाठ, अनुवाद गतिविधियां, लघु फिल्म प्रदर्शन और पोस्टर प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही पारंपरिक व्यंजन और आभूषण स्टॉल आकर्षण का केंद्र होंगे, जो भाषाई विविधता के साथ सांस्कृतिक समृद्धि का भी परिचय देंगे।