राजगढ़(ईएमएस) समाज में शिक्षा के प्रति समर्पण और जनभागीदारी का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करते हुए नरसिंहगढ़ क्षेत्र के ग्राम बाड़ी ग्राम पंचायत चैनपुरकलां में शासकीय प्राथमिक विद्यालय के निर्माण में निजी व्यय से विशेष सहयोग प्रदान किया गया। इस सराहनीय पहल पर कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा देवेंद्र सिंह राठौड़ को प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि जब समाज के सजग नागरिक शिक्षा जैसे पवित्र कार्य में आगे आते हैं, तो विकास की गति कई गुना बढ़ जाती है। विद्यालय निर्माण में दिए गए सहयोग से विद्यार्थियों को बेहतर अधोसंरचना और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण प्राप्त होगा, जो उनके सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होगा।उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सशक्त समाज की आधारशिला है। ऐसे प्रयास न केवल बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को दिशा देते हैं, बल्कि पूरे क्षेत्र में प्रेरणा का संचार करते हैं। यह पहल “सबका साथ, सबका विकास” की भावना को साकार करती है और जनभागीदारी आधारित विकास मॉडल को मजबूत करती है। साथ ही विद्यालय परिवार एवं ग्रामवासियों ने भी इस योगदान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से बच्चों को सुरक्षित, सुविधा जनक और प्रेरक शिक्षण वातावरण मिलेगा। जिला प्रशासन ने आशा व्यक्त की है कि समाज के अन्य नागरिक भी शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के क्षेत्रों में इसी प्रकार आगे आकर सहभागिता निभाएँगे, ताकि जिले को प्रगति की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जा सके।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमित सुरेश तोलानी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे । -निखिल/राजगढ़/20/2/2026