क्षेत्रीय
20-Feb-2026


ग्वालियर ( ईएमएस ) | मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 21 फरवरी को दतिया जिले के तहसील मुख्यालय सेवढ़ा में आयोजित कार्यक्रम में 532 करोड़ रूपये के विकास कार्यों की सौगातें देंगे। इसमें मुख्य रूप से सिंध नदी पर नव निर्मित सेतु का लोकार्पण शामिल हैं। साथ ही सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बसई सहित अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण भी होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सनकुआ धाम के समीप स्थित द्वारिकाधीश मंदिर में पूजन-अर्चन भी करेंगे। कृषि उपज मंडी प्रांगण सेवढ़ा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव 299.32 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 53 विकास कार्यों का लोकार्पण और 233.24 करोड़ रुपये की लागत के 21 कार्यों का भूमिपूजन व शिलान्यास करेंगे। साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं में हितग्राहियों को हितलाभ वितरित करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव 21 फरवरी को वायुमार्ग द्वारा दतिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से हैलीकॉप्टर द्वारा सेवड़ा पहुंचकर 47.69 करोड़ रुपये की लागत से सिंध नदी पर नव निर्मित सेतु का लोकार्पण करेंगे। साथ ही विकास कार्यों की अन्य बड़ी-बड़ी सौगातें देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इसके पश्चात सनकुआ धाम के समीप स्थित द्वारिकाधीश मंदिर पहुंचकर पूजन-अर्चन करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सेवड़ा स्थित कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित विशाल आमसभा को संबोधित करेंगे। साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत हितग्राहियों को हितलाभ वितरित करेंगे।