गिरिडीह(ईएमएस)। शहरी क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाकर ठगी करने वाले दो युवकों को नगर थाना पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहार के भागलपुर निवासी मुकेश शाह और सागर शाह के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को बरगंडा इलाके से हिरासत में लिया, जिसके बाद थाने लाकर सख्ती से पूछताछ की जा रही है। जानकारी के मुताबिक दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर एक महिला के घर पहुंचे थे और जेवर साफ करने के बहाने ठगी का प्रयास कर रहे थे। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता से उनका मंसूबा कामयाब नहीं हो सका। लोगों ने दोनों को पकड़कर पुलिस को सूचना दे दी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे शहर में हुई अन्य ठगी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं। राजेश कुमार/ ईएमएस/ 20 फरवरी 2026