कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ, १५ मई से आयोजित होगा द्वितीय अवसर छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। माध्यमिक शिक्षा मंडल सहित सीबीएसई बोर्ड की कक्षा दसवीं बारहवीं की परीक्षा शुरू हो चुकी है। सीबीएसई की परीक्षाएं १७ फरवरी से गणित के पेपर के साथ शुरू हुई है। सीबीएसई ने इस बार विद्यार्थियों को राहत देने के लिए कक्षा दसवीं की परीक्षा में बड़ा बदलाव किया है। दरअसल कक्षा दसवीं में अगर कोई विद्यार्थी अपने प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं है, तो उसे दोबारा परीक्षा देने का अवसर मिलेगा तो वहीं, 12वीं कक्षा की आंसर शीट्स को इस बार डिजिटल ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम के ज़रिए चेक किया जाएगा। ये बदलाव राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत लाए गए हैं, जिनका मक़सद परीक्षा के दबाव को कम करना, मूल्यांकन को पारदर्शी और तेज़ बनाना है। स्कूल प्राचार्यों ने जानकारी देते हुए बताया है कि सीबीएसई कक्षा दसवीं और बारहवीं की परीक्षा १७ फरवरी से ११ अप्रैल तक आयोजित की जा रही है। वहीं कक्षा दसवी के विद्यार्थियों को इस बार दो बार परीक्षा देने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। दूसरी परीक्षा का आयेाजन १५ मई से १ जून तक आयेाजित की जाएगी। इस परीक्षा में वह विद्यार्थी शामिल होंगे जिन्हे लगता है कि उनका पेपर किन्ही कारणों से बिगड़ गया है। यहां इस बार परीक्षा में वह और बहतर अंक ला सकते है। उन्हे इस परीक्षा में बैठने की अनुमति होगी। वहीं सबसे बड़ी बात दूसरी परीक्षा में बैठने के लिए विद्यार्थियों को प्रथम परीक्षा में बैठना अनिवार्य किया गया है। अगर विद्यार्थी पहली परीक्षा में नहीं बैठते है तो उन्हे दूसरा अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा। सीबीएसई के आदेशानुसार पात्र विद्यार्थी विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषा में से किसी भी तीन विषयों में अपने प्रदर्शन में सुधार कर सकते हैं। ईएमएस / 20/02/2026