गिरिडीह(ईएमएस)। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रितुराज सिंह ने आज गिरिडीह के एक होटल में प्रेसवार्ता कर कहा कि गिरिडीह नगर निगम के चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार डॉ शैलेन्द्र चौधरी मेयर का चुनाव जीत रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी द्वारा भाजपा का समर्थित वोट और हिन्दू वोट को बांटने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है। लेकिन विपक्ष की मंशा इस चुनाव में धरी की धरी रह जायेगी क्योंकि जनता जागरूक है और अपना हित अहित समझती है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा समर्थित उम्मीदवार के पक्ष में कार्यकर्ताओं द्वारा एक विशाल मोटरसाइकिल रैली निकाली गई थी। उक्त रैली में कार्यकर्ताओं के बीच अपार उत्साह देखने को मिला। जिसे देख यह स्पष्ट कहा जा सकता है कि गिरिडीह के नगर निगम के मेयर चुनाव में नारियल फार्म चुनाव चिन्ह के साथ चुनाव में खड़े डॉ शैलेन्द्र चौधरी की जीत निश्चित है। उन्होंने झारखंड की हेमंत सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार को अपनी हार का डर साफ दिख रहा है। यही वजह है कि पहले तो हेमंत सरकार निकाय चुनाव कराना ही नही चाहती थी, सिर्फ भाजपा के दबाव में चुनाव कराने को तैयार हुई, वो भी वर्षों पूर्व बंद हो चुके बैलेट के माध्यम से चुनाव कराया जा रहा है। ताकि उसका लाभ पूरी तरह से उठा सकें। वहीं प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए डॉ रविन्द्र राय ने झारखंड सरकार के मंत्री व सदर विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में पहले दलगत आधार पर चुनाव नही कराने की स्थिति बनाई और अब गिरिडीह में हार के डर से चुनाव को पूरी तरह से दलगत बना दिया है। ऐसे में जनता को निर्णय लेना है कि जनता सुरक्षा व्यवस्था को चुनती है या जनता असामाजिक व्यवस्था को चुनने का काम करेगी। कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में न सिर्फ अपराधियों पर लगाम लगाया गया बल्कि जिले को नक्सल मुक्त भी बनाया गया। वहीं हेमंत की सरकार बनते ही जहां पूरे झारखंड में अपराधियों का तांडव बढ़ गया है, वहीं नक्सलवाद भी सीर उठाने लगा है। उन्होंने गिरिडीह की जनता से गिरिडीह में शांति और सूरक्षा कायम रहे इसके लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवार डॉ शैलेन्द्र चौधरी को वोट देकर उन्हें विजयी बनाने की अपील किया। प्रेसवार्ता में डॉ रविंद्र राय, पूर्व मंत्री राजपलिवार, दिलीप वर्मा, मुकेश जालान, महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय, ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा, पूर्व मेयर सुनील पासवान आदि मौजूद थे। राजेश कुमार/ ईएमएस/ 20 फरवरी 2026