रायपुर (ईएमएस)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी के निर्देशानुसार 20 फरवरी 2026 को उरकुरा रेलवे स्टेशन पर प्रातः 08:00 बजे से दोपहर 13:00 बजे तक विशेष एम्बुश टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान लोकल पैसेंजर ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा कर रहे 177 यात्री पकड़े गए। इसके अतिरिक्त 01 यात्री अनियमित टिकट के साथ, 01 यात्री धूम्रपान करते हुए तथा 01 यात्री अधिक सामान के साथ पाया गया। वहीं 05 यात्री जुर्माना राशि अदा नहीं कर सके, जिन्हें अग्रिम कार्रवाई हेतु रेलवे सुरक्षा बल को सुपुर्द किया गया। इस प्रकार कुल 185 प्रकरण दर्ज किए गए। अभियान का संचालन सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद के नेतृत्व में किया गया। इसमें मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, वाणिज्य निरीक्षक, टिकट चेकिंग स्टाफ सहित कुल 20 कर्मचारियों ने भाग लिया और उरकुरा स्टेशन पर लोकल ट्रेनों की सघन जांच की। टिकट जांच के दौरान कुछ बिना टिकट यात्री अफरा-तफरी में इधर-उधर भागने लगे, किंतु वाणिज्य विभाग के टिकट चेकिंग स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करना रहा। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि टिकट चेकिंग के दौरान रेलवे ट्रैक पर न भागें तथा सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें, ताकि निर्बाध रेल परिचालन के साथ-साथ किसी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके। यात्रियों से यह भी अनुरोध किया गया है कि यात्रा हेतु उचित टिकट एवं रेल परिसर में प्रवेश से पूर्व प्लेटफॉर्म टिकट अवश्य खरीदें तथा रेलगाड़ी एवं रेल परिसर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के टिकट चेकिंग अभियान चलाए जाते रहेंगे, जिससे यात्रियों को वैध टिकट लेकर सही कोच में बैठकर सुरक्षित एवं सुखद यात्रा करने के प्रति जागरूक किया जा सके। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/20 फरवरी 2026