छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। शासन के निर्देशानुसार जिले में चना एवं मसूर फसल के उपार्जन के लिए किसानों का पंजीयन शुरू हो गया है। शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय के मिनी सभाकक्ष में कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने उपार्जन समिति की बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक एवं उपायुक्त सहकारिता को निर्देश दिए गए कि सभी गेहूं पंजीयन केंद्रों पर तत्काल प्रभाव से चना-मसूर पंजीयन शुरू कराया जाए। कलेक्टर ने जिले के सभी गेहूं, चना एवं मसूर बोने वाले किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिया। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक टीएल बैठक में पंजीयन प्रगति की समीक्षा की जाएगी तथा समितिवार पंजीयन की निगरानी कर समिति प्रबंधकों की जवाबदेही तय की जाएगी।सभी एसडीएम, तहसीलदार, पटवारी, जनपद सीईओ, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, कृषि विभाग के अधिकारी, समिति प्रबंधक एवं ऑपरेटरों को समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार, एसडीएम छिंदवाड़ा सुधीर जैन, उपसंचालक कृषि जितेंद्र कुमार सिंह, उपसंचालक उद्यानिकी एमएल उइके सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। ईएमएस / 20/02/2026