ज़रा हटके
23-Feb-2026
...


-15 फीट ऊंची ये मूर्ति ब्रॉन्ज धातु से बनाई है, जिस पर चढ़ाई है सोने जैसी परत वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 15 फीट ऊंची भव्य गोल्डन मूर्ति विवादों में घिरी गई है। ‘डॉन कोलोसस’ नाम की ये विशालकाय प्रतिमा पूरी तरह तैयार होने के बावजूद अब तक किसी सार्वजनिक स्थान पर नहीं लगाई जा सकी है। इसकी वजह पेमेंट से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है। इस मूर्ति को प्रसिद्ध अमेरिकी मूर्तिकार एलन कॉट्रिल ने बनाया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मूर्तिकार का कहना है कि उन्हें अब तक करीब 92 हजार डॉलर की पूरी रकम नहीं मिली है। उन्होंने साफ कहा कि जब तक पूरा भुगतान नहीं हो जाता, तब तक मूर्ति को इंस्टॉल नहीं किया जाएगा। इसी वजह से मूर्ति ओहायो राज्य के एक स्टूडियो में रखी हुई है और समय के साथ इसकी हालत भी खराब होती जा रही है। 15 फीट ऊंची ये मूर्ति ब्रॉन्ज धातु से बनाई गई है, जिस पर सोने जैसी चमकदार परत चढ़ाई गई है। मूर्ति में ट्रंप को मुट्ठी उठाए हुए दिखाया गया है। इसे ट्रंप की राजनीतिक ताकत और संघर्ष का प्रतीक माना जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि ये पोज उस घटना से प्रेरित है, जब एक हमले के बाद भी ट्रंप डटे रहे थे। इस मूर्ति की कुल लागत करीब 3 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इसका वजन करीब 2700 किलो है। पहले इस गोल्डन मूर्ति को मियामी स्थित ट्रंप नेशनल डोरल रिजॉर्ट में लगाने की योजना थी, लेकिन अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि या अनावरण की तारीख सामने नहीं आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस प्रोजेक्ट से जुड़े कुछ लोगों ने इसे क्रिप्टोकरेंसी प्रमोशन से भी जोड़ा था, लेकिन क्रिप्टो बाजार में गिरावट के बाद फंडिंग में दिक्कतें आ गईं। इसी कारण भुगतान अटक गया और मूर्ति का भविष्य भी अंधकार में चला गया। फिलहाल ट्रंप की गोल्डन मूर्ति राजनीति पैसे और विवाद के बीच फंसी हुई है और ये साफ नहीं है कि इसे कब और कहां स्थापित किया जाएगा। सिराज/ईएमएस 23 फरवरी 2026