ज़रा हटके
23-Feb-2026
...


सिडनी (ईएमएस)। किसी के प्यार में इंसान का दिल अपनी पूरी उम्र में एक से अधिक बार धड़कता है। यह दावा किया है अमेरिका के मशहूर किन्से इंस्टीटयूट की नई रिसर्च में। रिसर्च के मुताबिक, अविवाहित 10,036 लोगों पर किए गए इस अध्ययन में प्रतिभागियों से सीधे पूछा गया कि उन्हें जीवन में कितनी बार प्यार हुआ है। यह अध्ययन 18 से 99 वर्ष की उम्र के 10 हजार से ज्यादा अविवाहित लोगों पर किया गया, जिसमें पाया गया कि लोग औसतन दो बार सच्चे प्यार का अनुभव करते हैं। अध्ययन का नेतृत्व कर रहीं शोधकर्ता डॉ. अमांडा सलमैन ने बताया कि यह पहली बार है जब किसी वैज्ञानिक अध्ययन में इस विषय पर इतने बड़े स्तर पर लोगों की राय ली गई। उनका कहना है कि ‘गहरा प्रेम’ व्यक्ति की मानसिक और शारीरिक सेहत दोनों के लिए बेहद जरूरी है और यह अनुभव जीवन में कई बार हो सकता है। अध्ययन में यह दिलचस्प जानकारी भी सामने आई कि युवाओं की तुलना में वृद्ध लोगों ने प्यार में पड़ने के और अधिक अनुभव साझा किए। शोधकर्ताओं का मानना है कि उम्र बढ़ने के साथ जीवन के अलग-अलग मोड़ों पर इंसान नई परिस्थितियों, नए संबंधों और नए भावनात्मक अनुभवों से गुजरता है, जिससे प्रेम का एहसास दोबारा या कई बार हो सकता है। वहीं प्यार को लेकर पुरुष और महिलाओं के मनोविज्ञान में भी स्पष्ट अंतर देखने को मिला। आस्ट्रेलियन नेशनल यूनिवर्सिटी द्वारा 33 देशों के 808 युवाओं पर किए गए एक अन्य अध्ययन के अनुसार पुरुष औसतन महिलाओं की तुलना में एक महीने पहले प्यार में पड़ जाते हैं। दूसरी ओर महिलाएं अपने भावनात्मक अनुभवों को अधिक तीव्रता से महसूस करती हैं और अपने साथी के बारे में अधिक गहराई से सोचती हैं। यह अंतर सामाजिक, जैविक और भावनात्मक संरचनाओं का परिणाम माना जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि जीवन में प्रेम का अनुभव हर व्यक्ति के लिए अलग हो सकता है। किसी को यह जल्दी मिलता है, तो किसी को देर से। किसी को एक बार प्रेम होता है, तो किसी को कई बार। इस रिसर्च के परिणाम हमें यह समझने में मदद करते हैं कि प्रेम किसी भी उम्र में, किसी भी परिस्थिति में और किसी भी रूप में दोबारा हो सकता है। सुदामा/ईएमएस 23 फरवरी 2026