राज्य
23-Feb-2026


* महिला शक्ति, स्वदेशी कला और आत्मनिर्भरता का संगम; 28 फरवरी तक चलेगी प्रदर्शनी गांधीनगर (ईएमएस)| ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ अभियान के अंतर्गत आज गुजरात विधानसभा परिसर में आयोजित महिला आर्ट एंड क्राफ्ट फेस्टिवल का विधिवत शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर विधानसभा के उपाध्यक्ष पूर्णेश मोदी तथा महिला एवं बाल कल्याण मंत्री मनीषा वकील विशेष रूप से उपस्थित रहे। उद्घाटन अवसर पर अध्यक्ष शंकर चौधरी ने कहा कि गुजरात की महिलाओं ने अपने पुरुषार्थ और कौशल के बल पर हस्तकला, विशेष रूप से कढ़ाई और भरतकाम के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान बनाई है। आज राज्य की पारंपरिक कला वैश्विक बाजार में एक प्रतिष्ठित ‘ब्रांड’ के रूप में स्थापित हो चुकी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा परिसर में इस प्रकार का आयोजन राज्य की बहनों के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोलता है। उन्होंने महिला एवं बाल कल्याण मंत्री मनीषा वकील को इस पहल के लिए बधाई देते हुए सुझाव दिया कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से इन कलाओं का राज्य के कोने-कोने में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। अध्यक्ष ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि ये स्टॉल केवल बिक्री केंद्र नहीं, बल्कि महिला शक्ति के परिश्रम, स्वाभिमान और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का प्रतीक हैं। प्रदर्शनी में प्रदर्शित प्रत्येक उत्पाद में महिला कारीगरों की मेहनत और आत्मनिर्भरता के सपने की झलक दिखाई देती है। उल्लेखनीय है कि यह प्रदर्शनी गुजरात महिला आर्थिक विकास निगम लि. द्वारा आयोजित की गई है, जो 23 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक चलेगी। विधानसभा परिसर में प्रतिदिन प्रातः 9:30 बजे से सायं 6:30 बजे तक नागरिक इन स्टॉलों का अवलोकन एवं खरीदारी कर सकेंगे। प्रदर्शनी में महिला कारीगरों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प और स्वदेशी उत्पादों के कुल 10 प्रदर्शन-सह-विक्रय स्टॉल लगाए गए हैं। कार्यक्रम में विधानसभा के सचिव चेतन पंड्या, महिला एवं बाल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सतीश/23 फरवरी