इन्दौर (ईएमएस) सिगरेट पीते हुए एक छात्र के विडियो को वायरल करने की धमकी दे उसे ब्लेकमेल करने वाले बदमाश के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। बदमाश ने उसे समझाने गये छात्र के परिजनों के साथ भी अभद्र व्यवहार करते मारपीट की। मामला कनाड़िया थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार पीड़ित छात्र के पिता अभिसार कौल निवासी वैभव नगर ने उसे ब्लैकमेल करने वाले बदमाश प्रथम बिल्लोरे के खिलाफ मामला दर्ज कराते बताया कि उनका बेटा गर्वित पढ़ाई कर रहा है। प्रथम बिल्लोरे के पास गर्वित का सिगरेट पीते हुए कोई वीडियो है, जिसे वायरल करने की धमकी देते वह उनके बेटे से 17 हजार रुपए की मांग कर रहा था। इसके पहले दिसंबर 2025 में भी वह इसी वीडियो के नाम पर पैसे ले चुका है और उस समय भी मारपीट की थी। शनिवार को जब वे अपने बेटे के साथ वैभव नगर स्थित शर्मा सैंडविच नाम की दुकान पर आरोपी से बात करने पहुंचे, तो उसने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और वीडियो डिलीट करने की बात पर मारपीट शुरू कर दी इस दौरान उसने अपने साथियों को भी मोबाइल कॉल कर मौके पर बुला लिया था। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आनंद पुरोहित/ 23 फरवरी 2026