हाथरस (ईएमएस)। जनपद में संचालित एमआर (मीजल्स-रूबेला) टीकाकरण अभियान के तहत आयोजित सत्रों का औचक निरीक्षण अपर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एम.आर. आलम, वीसीसीओ दिनेश सिंह एवं डीओआईसी जोगेन्द्र सिंह द्वारा किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य सत्रों की गुणवत्ता, उपस्थिति, पोर्टल एंट्री और मॉनिटरिंग व्यवस्था की स्थिति का आकलन करना था। सरस्वती इंटर कॉलेज, हरसरा में 90 पंजीकृत बच्चों में से केवल 39 को टीका लगाया गया। इनमें से भी मात्र 28 बच्चों की यूनिक पोर्टल पर एंट्री पाई गई। सत्र का संचालन एएनएम ललिता कुमारी व आशा संतोष कुमारी द्वारा किया जा रहा था। यहां ब्लॉक स्तर की मॉनिटरिंग नहीं मिलने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई। नगला रोझा विद्यालय में 77 पंजीकृत बच्चों के सापेक्ष 53 को टीकाकरण किया गया, लेकिन एएनएम के पास बच्चों की सूची उपलब्ध नहीं थी। यहां भी ब्लॉक स्तरीय निगरानी का अभाव पाया गया। निरीक्षण के बाद संबंधित चिकित्सा अधिकारियों व एएनएम से स्पष्टीकरण लेकर उसी दिन स्पष्ट आख्या सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने अभियान में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने पर जोर दिया। ईएमएस/ नीरज चक्रपाणी/ 23 फरवरी 2026