* ‘कैच द रेन’ आह्वान को साकार करने की दिशा में 31 मई 2026 तक चलेगा महाअभियान अहमदाबाद (ईएमएस)| मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने जल संचय और जल संरक्षण को जनभागीदारी से जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से ‘सुझलाम सुफलाम जल अभियान–जल संचय जनभागीदारी 2.0’ का राज्यव्यापी शुभारंभ किया है। यह महाअभियान 31 मई 2026 तक पूरे राज्य में संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत प्रत्येक तालुका में कम से कम 10 तालाबों को गहरा करने के साथ-साथ वर्षा जल संचयन और भूजल स्तर को ऊंचा लाने के लिए व्यापक कार्य किए जाएंगे। राज्य सरकार के जल संसाधन, जल आपूर्ति, सरदार सरोवर नर्मदा निगम, ग्राम विकास, वन एवं पर्यावरण तथा शहरी विकास सहित छह विभागों द्वारा सभी जिलों में जनभागीदारी से जल संरक्षण कार्यों को अमलीजामा पहनाया जाएगा। इन कार्यों में पुराने तालाबों को गहरा करना, चेकडैम और जलाशयों की डी-सिल्टिंग, क्षतिग्रस्त चेकडैम की मरम्मत, नहरों और कांस की सफाई एवं रखरखाव, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, खेत तालाब, मिट्टी बांध, वन तालाब, पेयजल स्रोतों की सफाई, वेस्ट वीयर की मरम्मत तथा नदियों में अवरोधक वनस्पतियों को हटाना शामिल है। मुख्यमंत्री ने अभियान की शुरुआत गांधीनगर जिले के भाट गांव स्थित तालाब को गहरा करने के कार्य से की। इस तालाब के गहरा होने से इसकी जल संग्रहण क्षमता बढ़कर 2.01 लाख घन फुट हो जाएगी। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 से यह अभियान प्रतिवर्ष चलाया जा रहा है। 2018 से 2025 के बीच आठ वर्षों में कुल 1,22,299 कार्य पूरे किए गए हैं। इनमें 39,542 नए तालाब, 26,544 चेकडैम की डी-सिल्टिंग और 82,240 किलोमीटर लंबाई में नहरों व कांस की सफाई शामिल है। इन प्रयासों से राज्य की जल संग्रहण क्षमता में 1,39,959 लाख घन फुट की वृद्धि हुई है तथा 210 लाख मानवदिवस रोजगार का सृजन हुआ है। इस अवसर पर जल संसाधन एवं जल आपूर्ति राज्य मंत्री ईश्वर सिंह पटेल, सांसद हसमुख पटेल, विधायक अल्पेश ठाकोर और रीता पटेल, गांधीनगर की महापौर मीरा पटेल, स्टैंडिंग कमेटी चेयरमैन गौरांग, शहर भाजपा अध्यक्ष आशीष दवे, जल संसाधन सचिव पी.सी. व्यास, अतिरिक्त सचिव एम.डी. पटेल तथा गांधीनगर नगर निगम आयुक्त वाघेला सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहेाॉ सतीश/23 फरवरी