राज्य
23-Feb-2026
...


:: जर्मनी से मंगाए सर्जिकल माइक्रोस्कोप और कॉबलेटर से होगा इलाज; आंख, नाक व गला रोगों की जटिल सर्जरी अब सुलभ :: इंदौर (ईएमएस)। रोटरी क्लब ऑफ इंदौर यूनाइटेड ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रॉबर्ट नर्सिंग होम को 29 लाख रुपये के अत्याधुनिक मेडिकल उपकरण भेंट किए। सोमवार को आयोजित एक विशेष समारोह में इन उपकरणों का अनावरण किया गया, जिनमें जर्मनी से मंगाए गए सर्जिकल माइक्रोस्कोप और कॉबलेटर जैसे उच्च तकनीक उपकरण शामिल हैं। इन मशीनों के माध्यम से अब अस्पताल में आंख, नाक और गले (ईएनटी) के रोगियों का सूक्ष्म और सटीक उपचार कम खर्च में संभव हो सकेगा। इस सेवा पहल की शुरुआत के रूप में रोटरी क्लब इंदौर यूनाइटेड दो मरीजों का पूर्णतः निःशुल्क उपचार भी करवाएगा। कार्यक्रम में डॉ. चिराग यशलाह और डॉ. गुणवंत यशलाह ने बताया कि ये उपकरण विश्वस्तरीय तकनीक से लैस हैं, जिनसे सर्जरी की सफलता दर बढ़ेगी। रोटरी क्लब के अनीश मलिक ने जानकारी दी कि क्लब के सदस्यों ने परस्पर आर्थिक सहयोग के माध्यम से इन महत्वपूर्ण उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित की है। इस दौरान डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुशील मल्होत्रा, संस्कार कोठारी, नितिन डफरिया, रेबा मजुमदार, राजकुमार गट्टानी और गोपाल मोदी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। :: विस्तार की राह पर 120 वर्ष पुरानी सेवा संस्था :: नर्सिंग होम के सचिव डॉ. विजयसेन यशलाह ने संस्था के गौरवशाली इतिहास को रेखांकित करते हुए बताया कि पिछले 120 वर्षों से यह संस्थान पीड़ित समाज की सेवा नाम मात्र के शुल्क पर कर रहा है। यहाँ चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न बीमारियों का रियायती दरों पर उपचार किया जाता है। उन्होंने आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि परिसर में शीघ्र ही 100 बेड का नया अस्पताल भवन निर्मित होने जा रहा है, जिससे कमजोर वर्ग के रोगियों को बेहतर चिकित्सा सहायता प्राप्त करने में बड़ी मदद मिलेगी। :: क्लब के सदस्यों ने सेवा संकल्प को दोहराया :: आयोजन के दौरान रोटरी क्लब के राजीव टुटेजा, सन्नी धामेजा, राजेश मोदी, दिलीप मजुमदार, पंकज देव और साबू ने भी संबोधित करते हुए सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों ने फीता काटकर उपकरणों को अस्पताल प्रबंधन को सौंपा। उपस्थित सदस्यों ने विश्वास जताया कि इन आधुनिक उपकरणों के आने से शहर के जरूरतमंद मरीजों को अब बड़े निजी अस्पतालों की तुलना में काफी कम खर्च पर उत्कृष्ट उपचार मिल सकेगा। प्रकाश/23 फरवरी 2026