:: मुरैना का रहने वाला था बीए का छात्र सूरज; गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा, रात होने के कारण सुबह निकाला जा सका शव :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के खुडैल थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट मुहाड़ी फॉल में एक बार फिर बड़ा हादसा सामने आया है। अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचा 20 वर्षीय छात्र सूरज कुशवाह गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना रविवार शाम की है, लेकिन अंधेरा अधिक होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन नहीं चलाया जा सका। सोमवार सुबह खुडैल पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कुंड से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सूरज पिता अशोक कुशवाह मूल रूप से मुरैना का निवासी था और इंदौर में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। वह बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण वह अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए मुहाड़ी फॉल गया था। वहां नहाने के दौरान वह अनजाने में कुंड के उस हिस्से में चला गया जहाँ गहराई अधिक थी। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी के अंदर समा गया। :: परिवार का दूसरा बेटा खोया, पिता हैं मजदूर :: सूरज की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि सूरज के पिता पेशे से मजदूर हैं और बड़ी मुश्किलों से उसे इंदौर में पढ़ा रहे थे। परिवार के लिए यह वज्रपात की तरह है क्योंकि सूरज से छोटे भाई की भी पहले ही मौत हो चुकी है। सूरज परिवार में मंझला बेटा था और परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। :: पिकनिक स्पॉट्स पर सुरक्षा के अभाव पर उठे सवाल :: हादसे के बाद एक बार फिर शहर के आसपास स्थित पिकनिक स्पॉट्स पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। खुडैल पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि फॉल और कुंड के पास जाते समय बोर्ड पर लिखी चेतावनियों का पालन करें और अनजाने पानी में उतरने का जोखिम न उठाएं। मुहाड़ी फॉल के पास सुरक्षा दीवार या पर्याप्त संकेतक न होना भी हादसों का कारण बन रहा है। प्रकाश/23 फरवरी 2026