राज्य
23-Feb-2026
...


:: जगदीश नगर में मामूली विवाद पर चले थे लात-घूंसे; थाने नहीं पहुँचा कोई पक्ष, तो पुलिस ने स्वसंज्ञान लेकर की कार्रवाई :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित जगदीश नगर में सरेराह हुई मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने सख्त एक्शन लिया है। गली नंबर 10 में छेड़छाड़ के मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों के युवक आपस में भिड़ गए और जमकर लात-घूंसे चले। इस दौरान सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हैरानी की बात यह रही कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद दोनों पक्षों में से कोई भी शिकायत लेकर थाने नहीं पहुँचा। पुलिस का मानना है कि आरोपियों ने आपसी समझौते से मामला दबाने की कोशिश की थी, लेकिन वीडियो वायरल होने से उनकी मंशा पर पानी फेर दिया। बाणगंगा थाना पुलिस ने वीडियो में दिख रहे चेहरों की पहचान कर स्वसंज्ञान लिया और आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें रवाना कीं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रीवेंटिव एक्शन (निवारक कार्रवाई) के तहत अब तक चार लोगों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए युवकों के नाम हितेश मालवीय, रोशन यादव, मुन्ना शर्मा और एक नाबालिग बताए जा रहे हैं। :: शांति व्यवस्था से खिलवाड़ पर सख्त रुख :: एडिशनल डीसीपी रामसनेही मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि इंदौर पुलिस शहर की शांति व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि भले ही कोई पक्ष एफआईआर दर्ज न कराए, लेकिन सार्वजनिक स्थान पर गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ पुलिस अपने स्तर पर वैधानिक कार्रवाई करेगी। वर्तमान में पुलिस वीडियो में दिख रहे अन्य युवकों की भी शिनाख्त कर रही है ताकि क्षेत्र में शांति भंग करने वालों पर पूरी तरह नकेल कसी जा सके। :: कानून का उल्लंघन करने वालों को चेतावनी :: एडिशनल डीसीपी मिश्रा के अनुसार, जगदीश नगर में मारपीट का वीडियो संज्ञान में आते ही आरोपियों को चिह्नित कर हिरासत में लिया गया है। उन्होंने दोहराया कि आगामी समय में भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे ऐसी किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते अपराधियों पर कार्रवाई की जा सके। प्रकाश/23 फरवरी 2026