मनोरंजन
26-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड फिल्म द केरला स्टोरी 2 के कंटेंट पर लगातार आपत्तियाँ उठाई जा रही हैं, खासकर उस सीन पर, जिसमें बीफ का ज़िक्र है। फिल्म को लेकर फिल्ममेकर कामाख्या नारायण सिंह और अनुराग कश्यप के बीच जुबानी जंग ने तूल पकड़ लिया है। अनुराग कश्यप ने हाल ही में इस फिल्म को लेकर सख्त टिप्पणी की थी, जिसके बाद कामाख्या नारायण सिंह का तीखा जवाब चर्चा में है। अनुराग कश्यप ने एक इंटरव्यू में कहा था कि “बीफ तो छोड़िए, कोई किसी को जबरदस्ती खिचड़ी तक नहीं खिला सकता। ‘द केरल स्टोरी 2’ एक घटिया फिल्म है और केवल प्रोपागैंडा फैलाती है।” उनके इस बयान के बाद डायरेक्टर कामाख्या नारायण सिंह भड़क गए और सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कश्यप को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अनुराग कश्यप अब मानसिक रूप से दुर्बल हो चुके हैं और हर मुद्दे पर विरोध जताना उनकी आदत बन गई है। कामाख्या ने कहा कि मुद्दा बीफ या खिचड़ी का नहीं, बल्कि मर्जी और दबाव का है। उनका कहना था कि किसी की इच्छा के विरुद्ध खिचड़ी भी नहीं खिलाई जा सकती, इसलिए अगर कोई फिल्म समाज में दबाव या ज़बरदस्ती के मुद्दे को उठाती है, तो उसे ‘नफरत फैलाना’ बताना बौद्धिक बेईमानी है। उन्होंने लिखा कि अनुराग का झूठ क्रिएटिव फ्रीडम कहलाता है, जबकि उनका सच प्रोपागैंडा बता दिया जाता है, जो गलत है। अपने वीडियो संदेश में कामाख्या ने यह भी दावा किया कि समाज में धर्म परिवर्तन कराने के लिए मासूम लड़कियों को बीफ खिलाने जैसे अपराध हुए हैं और फिल्म इन्हीं सच्ची घटनाओं पर आधारित है। उन्होंने कहा कि अनुराग को ब्राह्मणों, नेटफ्लिक्स, फिल्म इंडस्ट्री हर चीज से दिक्कत है। यहां तक कि अनुराग की फिल्म द गर्ल्स इन यलो बुटस का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि एक सभ्य समाज में पिता-पुत्री के अनैतिक संबंध की कल्पना करना ही मानसिक दुर्बलता का संकेत है। कामाख्या ने आगे कहा कि परमात्मा अनुराग कश्यप को सद्बुद्धि दे और यह भी जोड़ा कि उनके अनुसार ‘द केरल स्टोरी 2’ सत्य घटनाओं पर आधारित है, जिसका ट्रेलर समाज में पसंद किया जा रहा है। दूसरी ओर, अनुराग ने पहले ही इस फिल्म को बकवास, प्रोपागैंडा और पैसा कमाने का हथकंडा बताया था। सुदामा/ईएमएस 26 फरवरी 2026