मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड फिल्ममेकर विशाल भारद्वाज ने अभिनेता शाहरुख खान के साथ कोई फिल्म नहीं बनाई। हाल ही में उन्होंने खुलासा किया कि शाहरुख संग काम करने की उनकी इच्छा बरसों पुरानी है और ‘ओ रोमियो’ के समय भी उन्होंने सुपरस्टार को एक स्क्रिप्ट भेजी थी। विशाल ने बताया कि वे साल में कई बार शाहरुख से कहानियों पर चर्चा करते हैं और किंगखान हमेशा प्यार से जवाब देते हैं। विशाल भारद्वाज ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि भविष्य में शाहरुख खान और वह एक साथ जरूर काम करेंगे। उन्होंने कहा “मैं शाहरुख से अक्सर कहानियों पर बात करता हूं। वह बेहद स्वीट हैं और देश के सबसे बड़े चार्मर भी। हर कोई उन्हें प्यार करता है। मैंने ‘ओ रोमियो’ बनाते वक्त भी एक कहानी उन्हें भेजी थी। वह भी कहते रहते हैं कि हमें एक फिल्म साथ में जरूर करनी चाहिए। इंशाल्लाह, इस बार शायद चमत्कार हो जाए।” उनकी ताज़ा फिल्म ओ रोमियो हाल ही में 13 फरवरी को रिलीज हुई है। फिल्म में शाहिद कपूर, त्रप्ती डिमरी, नाना पाटेकर, फरीदा जलाल, विक्रांत मैसी, तमन्ना भाटिया और अविनाश तिवारी जैसे कलाकार नजर आए। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने भारत में 10 दिनों में 55.9 करोड़ नेट कलेक्शन दर्ज किया है, जो इसके लिए मजबूत प्रदर्शन माना जा रहा है। वहीं शाहरुख खान के फैंस उनकी अगली फिल्म किंग का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म में वह दमदार एक्शन लुक में दिखाई देंगे, जो रिलीज से पहले ही सोशल मीडिया पर चर्चा में है। इस फिल्म में उनके साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आएंगी। ‘किंग’ को निर्देशन दे रहे हैं सिदधार्थ आनंद और इसे 24 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर थिएटर में रिलीज किया जाएगा। फिल्म की स्टारकास्ट में अभिषेक बच्चन, रानी मुकर्जी, जयदीप अहलावत, अरशद वारसी और राघव जुयाल भी शामिल हैं। सुदामा/ईएमएस 26 फरवरी 2026