मनोरंजन
26-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में बॉलीवुड एक्टर आमिर खान ने खुलासा किया है कि पीके की स्क्रिप्ट अपनी मूल अवस्था में बिल्कुल अलग थी और इसे बाद में बदलना पड़ा था। इस बदलाव की सीधी वजह बनी थी अक्षय कुमार की चर्चित फिल्म ओएमजी –ओह माय गॉड! आमिर खान ने बताया कि फिल्म की ओरिजनल स्क्रिप्ट में दूसरा हिस्सा पूरी तरह अलग दिशा में जाता था। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने शुरुआत में स्क्रिप्ट सुनी, तो उसमें कई ऐसे तत्व थे जो बाद में फिल्म में नजर नहीं आए। लेकिन जब ओ माय गॉड रिलीज हुई और दर्शकों ने उसकी कहानी को खूब सराहा, तब टीम को महसूस हुआ कि दोनों फिल्मों के विचारों में कुछ समानताएं हैं। हालांकि पीके का प्लॉट एक एलियन पर आधारित था और पूरी अवधारणा अनोखी थी, बावजूद इसके कुछ थीमैटिक समानताएं उन्हें स्क्रिप्ट पर दोबारा सोचने को मजबूर कर गईं। आमिर के अनुसार, निर्देशक राजकुमार हीरानी का मानना था कि फिल्म के दूसरे हिस्से को दोबारा लिखा जाना जरूरी है, ताकि दर्शकों को किसी तरह की दोहराव की भावना न आए। आमिर ने बताया कि फिल्म की सफलता के बावजूद, रिलीज़ से पहले वह और हिरानी दोनों इस बात से पूरी तरह संतुष्ट नहीं थे कि यह स्क्रिप्ट का सबसे बेहतर संस्करण है। उन्हें लगता था कि मूल स्क्रिप्ट ज़्यादा मजबूत थी, लेकिन परिस्थितियों के कारण बदलाव करना मजबूरी थी। इसके बावजूद, सौभाग्य से फिल्म दर्शकों को खूब पसंद आई और बड़े स्तर पर सफल साबित हुई। पीके में आमिर खान के साथ अनुष्का शर्मा, सुशांत सिंह राजपूत और कैमियो में रनबीर कपूर नजर आए थे। वहीं ओ माय गॉड में अक्षय कुमार और परेश रावल मुख्य भूमिका में थे, जिसका निर्देशन उमेशश् शुक्ला ने किया था। दिलचस्प बात यह है कि दोनों फिल्मों की आईएमडीबी रेटिंग 8.1 है, जो दर्शाता है कि विषयों में समानता होने के बाद भी दर्शकों ने दोनों फिल्मों को समान रूप से सराहा। बता दें कि आमिर खान की 2014 में रिलीज हुई फिल्म पीके को उनके करियर की सबसे सफल और प्रभावशाली फिल्मों में माना जाता है। राजकुमार हिरानी द्वारा निर्देशित इस फिल्म ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया, बल्कि अपनी अनोखी कहानी और सामाजिक संदेशों के कारण दर्शकों के दिलों में भी खास जगह बनाई। सुदामा/ईएमएस 26 फरवरी 2026