राष्ट्रीय
26-Feb-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी शुक्रवार 27 फरवरी से 2 मार्च 2026 तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। यह प्रधानमंत्री कार्नी की भारत की पहली आधिकारिक यात्रा होगी, जिसे द्विपक्षीय संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रधानमंत्री कार्नी 27 फरवरी को मुंबई पहुंचेंगे। अपने दौरे के प्रारंभिक चरण में वे विभिन्न व्यावसायिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे और भारत तथा कनाडा के प्रमुख उद्योगपतियों, मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ), वित्तीय विशेषज्ञों, नवप्रवर्तकों और शिक्षाविदों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा, वे भारत में निवेश करने वाले कनाडा के प्रमुख पेंशन फंड प्रतिनिधियों से भी संवाद करेंगे। तय कार्यक्रम अनुसार 1 मार्च को प्रधानमंत्री कार्नी नई दिल्ली पहुंचेंगे। 2 मार्च को हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री कार्नी के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी। दोनों नेता भारत-कनाडा रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। यह बैठक जून 2025 में कनानास्किस और नवंबर 2025 में जोहान्सबर्ग में हुई पिछली मुलाकातों के क्रम को आगे बढ़ाएगी। वार्ता के दौरान व्यापार और निवेश, ऊर्जा सहयोग, महत्वपूर्ण खनिज, कृषि, शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार जैसे प्रमुख क्षेत्रों में जारी सहयोग की समीक्षा की जाएगी। साथ ही, दोनों देश जन-से-जन संबंधों को और मजबूत करने तथा क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर समन्वय बढ़ाने पर भी विचार साझा करेंगे। दोनों देशों के प्रधानमंत्री बाद में आयोजित भारत-कनाडा सीईओ फोरम में भी भाग लेंगे, जहां आर्थिक साझेदारी को नई गति देने पर चर्चा होगी। पीएम कार्नी की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत और कनाडा अपने संबंधों को संतुलित, रचनात्मक और पारस्परिक सम्मान पर आधारित नई दिशा देने के प्रयास में हैं। विश्लेषकों का मानना है कि यह दौरा द्विपक्षीय रिश्तों में सकारात्मक गति लाने और दीर्घकालिक सहयोग के लिए साझा दृष्टिकोण को मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगा। हिदायत/ईएमएस 26फरवरी26