मीरजापुर,(ईएमएस)। यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल गुरुवार को मड़िहान के देवरी गांव स्थित निर्माणाधीन मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय परिसर में बने हेलीपैड पर पहुंची। वहां से सीधे मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य को समय पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद गर्ल्स हास्टल देखने पहुंची। वहां का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को देखने के साथ ही छात्राओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश कार्यदायी संस्था व विश्वविद्यालय प्रशासन को दिया। इसके बाद कुलपति व विश्वविद्यालय के अधिकारियों के साथ बैठक की। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मड़िहान के देवरी कला गांव में करीब 154.13 करोड़ की लागत से मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय का निर्माण हो रहा है। विश्वविद्यालय से विंध्याचल मंडल के मीरजापुर, सोनभद्र और संत रविदास नगर भदोही के महाविद्यालय संबद्ध किया गया है। जनपद मीरजापुर के चार राजकीय, तीन एडेड व 81 स्ववित्तपोषित महाविद्यालय, भदोही के तीन राजकीय व स्ववित्तपोषित महाविद्यालय तथा सोनभद्र के चार राजकीय एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालय सहित कुल 162 महाविद्यालय संबद्ध हैं। वर्तमान में 37,000 छात्र-छात्रा अध्ययनरत हैं। वर्तमान में अस्थायी रूप से उमरिया स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन में संचालित हो रहा है। इसमें परास्नातक विषय की पढ़ाई हो रही हैं। वहीं संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक स्तर की पढ़ाई हो रही है। सिराज/ईएमएस 26फरवरी26