वाराणसी (ईएमएस)। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को लेकर चल रहे विवाद के बीच उनकी मदद के लिए आगे आए वरिष्ठ अधिवक्ता और बार काउंसिल आफ इंडिया के सदस्य श्रीनाथ त्रिपाठी को बीती रात लगभग ढाई बजे बम से उड़ाने की धमकी का एक मैसेज मिला है। उनके मोबाइल नंबर पर यह मैसेज भेजा गया। अधिवक्ता ने इस संदर्भ में पुलिस को सूचना दी है, लेकिन लिखित शिकायत नहीं हुई है। मैसेज में कोर्ट परिसर के साथ ही अधिवक्ता को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस बारे में वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी की तरफ से अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी एक पोस्ट शेयर की गई है। इसमें उन्होंने अपने मोबाइल नंबर पर आए हुए मैसेज का स्क्रीनशॉट लगाकर यह सूचना साझा की है। उन्होंने अपने मोबाइल नंबर को देते हुए जिक्र किया है कि मेरे निम्नलिखित मोबाइल नंबर पर यह धमकी भरा मैसेज प्राप्त हुआ है। प्रशासन इसका संज्ञान ले फिलहाल इस पूरे मामले में अभी प्रशासनिक अधिकारियों का कोई पक्ष नहीं आया है। अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी का कहना है कि रोज की तरह सुबह वह नियमित समय पर उठे और अपना मोबाइल चेक कर रहे थे। इस दौरान रात में 2ः23 पर एक मैसेज उनको मिला। इसमें अधिवक्ता सहित कचहरी को बम से उड़ाने की बात कही गई है। जितेन्द्र 26 फरवरी 2026