सूरत(ईएमएस)। गुजरात के सूरत में हजीरा स्थित आर्सेलर मित्तल निप्पॉन स्टील कंपनी में गुरुवार सुबह हंगामा हो गया। वेतन वृद्धि की मांग को लेकर हड़ताल पर उतरे कर्मचारी अचानक बिफर गए। उन्होंने 10 से ज्यादा गाडिय़ों मे आग लगा दी। इतना ही नहीं, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस टीम पर भी हमला कर दिया, जिसमें महिला डीसीपी घायल हो गईं। वेतन वृद्धि की मांग लेकर 5000 कर्मचारियों ने काम रोका कंपनी के बन रहे नए प्लांट में गुरुवार सुबह 5000 से ज्यादा कर्मचारी अचानक काम छोडक़र हड़ताल पर चले गए। हड़ताल की मुख्य वजह काम के घंटों में हुई बढ़ोतरी को कम करने और वेतन वृद्धि है। शुरुआत में हड़ताल शांति से हो रही थी। लेकिन अचानक कुछ कर्मचारियों ने हिंसक प्रदर्शन शुरू कर दिया। विनोद उपाध्याय / 26 फरवरी, 2026