नागौर(ईएमएस)। राजस्थान के नागौर के प्राइवेट स्कूल में 9 साल की छात्रा की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह ग्राउंड में खेलते समय गिर गई थी। स्कूल स्टाफ उसे हॉस्पिटल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना नागौर के गोटन कस्बे के गोटन इंटरनेशनल स्कूल में 23 फरवरी की सुबह करीब 7.48 बजे हुई थी। इसका वीडियो गुरुवार को सामने आया है। छात्रा के बड़े भाई की भी 4 महीने पहले ऐसे ही हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। स्कूल डायरेक्टर रामकुंवार ओला ने बताया- तालनपुर के रहने वाले राजेंद्र बापेडिया की बेटी दिव्या पांचवीं क्लास की स्टूडेंट थी। सामान्य दिनों की तरह 23 फरवरी की सुबह भी स्कूल आई थी। प्रेयर (प्रार्थना) होने में अभी समय था। इस दौरान कुछ बच्चे ग्राउंड में खेल रहे थे। इसमें दिव्या भी शामिल थी। खेलते समय अचानक दिव्या बेहोश होकर गिर पड़ी। ओला ने बताया कि इससे अफरा-तफरी मच गई। परिवार वालों को सूचना देने के साथ ही स्कूल स्टाफ ने दिव्या को संभाला। बिना देर किए गोटन के राजकीय हॉस्पिटल पहुंचाया गया। तब तक उसकी जान जा चुकी थी। विनोद उपाध्याय / 26 फरवरी, 2026