26-Feb-2026
...


- ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, लोहे के ढेरों के नीचे दबने से किसान सहित 3 की मौत धनिया बेचकर लौट रहे थे, जेसीबी की मदद से निकले शव, घंटो लगा रहा जाम गुना (ईएमएस)। जिले के कुंभराज थाना अंतर्गत गुरुवार शाम एक हृदयविदारक सडक़ हादसा सामने आया है। कृषि उपज मंडी में धनिया बेचकर घर लौट रहे एक किसान की ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में ट्रैक्टर मालिक और उनके दो बटियादारों की मलबे और भारी भरकम सरियों के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। धनिया बेचकर लौटते समय हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, कुंभराज के बकोन्या गांव निवासी बाबूलाल मीणा (60) अपने बेटे लाखन मीना और बटियादारों के साथ कुंभराज मंडी में धनिया बेचने आए थे। धनिया बेचने के बाद उन्होंने घर के निर्माण कार्य के लिए करीब 10 क्विंटल से अधिक लोहे का सरिया खरीदा और उसे ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर वापस गांव जा रहे थे। ट्रैक्टर बाबूलाल का बेटा लाखन चला रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर मृगवास मार्ग पर सिंगपुरा के गणेशपुरा मंदिर के पास घाटीनुमा रास्ते पर पहुँचा, ओवरलोड सरियों के दबाव और ढलान के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। सरियों के नीचे दबी लाशें, जेसीबी से हुई मशक्कत हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर की ट्रॉली पूरी तरह पलट गई और उसमें बैठे बाबूलाल मीणा, बटियादार जगदीश अहिरवार (45) और रमन अहिरवार (22) भारी सरियों और ट्रॉली के नीचे दब गए। घटना शाम करीब 5 बजे की है। चीख-पुकार सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ट्रॉली और लोहे के सरियों का वजन इतना अधिक था कि दबे हुए लोगों को निकालना असंभव हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुँचा और आनन-फानन में जेसीबी मशीन बुलाई गई। इसमें जगदीश और रमन आपस में परिजन बताए जाते हैं। देर शाम तक चला बचाव कार्य जेसीबी की मदद से भारी भरकम ट्रॉली और सरियों को हटाया गया, जिसके बाद तीनों के शव बाहर निकाले जा सके। पुलिस के अनुसार, अत्यधिक वजन और लोहे के सरियों की चोट के कारण तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। इस हादसे के कारण मार्ग पर काफी समय तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से बकोन्या क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। - सीताराम नाटानी