-कंपनी का दावा- आधुनिक रोबोटिक्स तकनीक को ‘अल्टीमेट मोबाइल एक्सपीरिएंस’ के साथ जोड़ा वाशिंगटन,(ईएमएस)। मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस 2026 की शुरुआत 2 मार्च से होने वाली है, जहां दुनियाभर की बड़ी टेक कंपनियां अपने नए स्मार्टफोन और तकनीकी इनोवेशन पेश करेंगी, लेकिन इस बार सबसे बड़ा आकर्षण चीनी कंपनी ऑनर का होने वाला है, जिसने घोषणा की कि वह निवेश शुरू होने से एक दिन पहले 1 मार्च को अपना पहला ह्यूमनॉइड रोबोट लॉन्च करेगी। यह लॉन्च स्पेन के बार्सिलोना में आयोजित किया जाएगा। कंपनी का दावा है कि उसने आधुनिक रोबोटिक्स तकनीक को ‘अल्टीमेट मोबाइल एक्सपीरिएंस’ के साथ जोड़ा है, जो आने वाले समय में नई दिशा तय कर सकता है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रोबोट के बारे में अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन जारी किए गए टीज़र वीडियो में इसकी झलक देखने को मिली है। वीडियो में रोबोट के माथे पर एक वाइजर जैसा फ्रंट डिजाइन नजर आता है, जिसमें कैमरा होने की संभावना जताई जा रही है। यह कैमरा रोबोट को रास्ते में आने वाली बाधाओं को पहचानने और आसपास के माहौल को समझने में मदद करेगा। रोबोट का चेहरा एक कांच जैसी पैनल से ढका हुआ दिखाई देता है, जो इसे भविष्यवादी लुक प्रदान करता है। दिलचस्प बात यह है कि यह ह्यूमनॉइड रोबोट केवल खड़े रहने वाला मॉडल नहीं, बल्कि हाथ-पैरों से लैस एक ऐसा रोबोट होगा जो चल-फिर सकेगा और आसपास की वस्तुओं या लोगों के साथ इंटरैक्ट कर सकेगा। कंपनी की वेबसाइट पर मौजूद लैंडिंग पेज के मुताबिक रोबोट पर ‘अल्फा’ की ब्रांडिंग दिखाई देगी, जो ऑनर के रोबोट फोन में भी देखने को मिली है। इसी निवेश में ऑनर अपने मैजिक वी6 फोल्डेबल फोन और रोबोट फोन को भी ग्लोबल स्तर पर पेश करेगा। रोबोट फोन को लेकर चर्चा है कि इसमें पीछे की तरफ पॉप-आउट कैमरा दिया जा सकता है, जिससे यह सामान्य स्मार्टफोन से अलग अनुभव प्रदान करेगा। कंपनी 1 मार्च को एआई डिवाइस इकोसिस्टम ऐरा नाम से एक खास शोकेस इवेंट आयोजित करने जा रही है, जहां इन सभी इनोवेशन को सार्वजनिक किया जाएगा। आने वाले दिनों में कंपनी इस ह्यूमनॉइड रोबोट से जुड़ी और जानकारी साझा कर सकती है, जिससे टेक जगत में उत्सुकता और बढ़ने की संभावना है। सिराज/ईएमएस 27 फरवरी 2026