जबलपुर, (ईएमएस)। गौरीघाट थानान्तर्गत कल पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चण्डी माई मंदिर के बाजू में एक फास्टफूड दुकान में दबिश देकर मौके से तीन नग रसोई गैस के सिलेण्डर एक पाईप एक रिगुलेटर जब्त किया है। दुकान संचालक रसोई गैस सिलेण्डरों का इस्तेमाल व्यवसायिक रूप में कर रहा था जिसे देखते हुए आरोपी दुकान संचालक के खिलाफ धारा 287 बीएनएस तथा 3,7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। गौरीघाट पुलिस ने बताया कि कल मुखबिर से सूचना मिली कि चण्डीमाई मंदिर के बाजू में राज यादव फूड स्टॉल पर घरेलू गैस सिलेण्डर का इस्तेमाल कर फास्टफूड तैयार कर ग्राहकों को बेच रहा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी तो एक व्यक्ति दुकान चलाते मिला जिसने पूछताछ के दौरान अपना नाम बादशाह हलवाई मंदिर गली नंबर 1 निवासी राज यादव बताया। दुकान की तलाशी के दौरान तीन नग एचपी कंपनी के घरेलू गैस सिलेण्डर मिले हैं जिसे दुकान में बिना सुरक्षा अग्निशमन यंत्र व अन्य सुरक्षा उपकरणों के उपयोग में लिया जा रहा था। पकड़ा गया आरोपी फास्टफूड दुकान संचालक अपराधिक प्रवृत्ति का है जिसके खिलाफ गौरीघाट थाने में एक दर्जन से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं। सुनील साहू / मोनिका / 02 मार्च 2026