व्यापार
02-Mar-2026


:: भारत में सुरक्षित आरसीएस मैसेजिंग और एआई आधारित स्पैम सुरक्षा की शुरुआत :: नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत की प्रमुख टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल और वैश्विक तकनीकी दिग्गज गूगल ने देश के करोड़ों उपयोगकर्ताओं को सुरक्षित और प्रभावशाली मैसेजिंग अनुभव प्रदान करने के लिए एक रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस सहयोग के तहत एयरटेल की नेटवर्क इंटेलिजेंस और गूगल के रिच कम्युनिकेशन सर्विसेज (आरसीएस) प्लेटफॉर्म को एक साथ लाया गया है, जिससे उपयोगकर्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाले फोटो-वीडियो साझा करने के साथ-साथ उन्नत स्पैम फिल्टरिंग और डिजिटल धोखाधड़ी से सुरक्षा मिलेगी। पिछले डेढ़ वर्ष में एयरटेल ने एआई-संचालित पहलों के जरिए स्पैम के खिलाफ अभियान का नेतृत्व करते हुए अब तक 71 अरब स्पैम कॉल और 2.9 अरब स्पैम एसएमएस ब्लॉक किए हैं, जिससे नेटवर्क पर होने वाले वित्तीय नुकसान में 68.7 प्रतिशत की कमी आई है। एयरटेल और गूगल की यह नई साझेदारी डिजिटल इकोसिस्टम की उस सुरक्षा कमी को दूर करेगी, जहां गैर-दूरसंचार प्लेटफॉर्म और स्वतंत्र ऐप्स में पर्याप्त सुरक्षा उपायों के अभाव का फायदा उठाकर धोखेबाज वित्तीय धोखाधड़ी करते हैं। यह प्लेटफॉर्म रियल-टाइम पहचान पुष्टि, संदेशों का श्रेणीकरण और हानिकारक डोमेन को फिल्टर करने जैसी बहुस्तरीय सुरक्षा जांच सुविधाएं प्रदान करेगा। भारती एयरटेल के एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल ने इस साझेदारी पर कहा कि ग्राहक सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और अब दूरसंचार दायरे से आगे बढ़कर रिच मैसेजिंग प्लेटफॉर्म को सुरक्षित बनाया जा रहा है। उन्होंने अन्य ओटीटी प्लेटफॉर्म्स से भी इस सुरक्षा मुहिम में जुड़ने की अपील की है। वहीं, गूगल में एंड्रॉयड इकोसिस्टम के प्रेसिडेंट समीर समत ने कहा कि एयरटेल के साथ यह पार्टनरशिप सुनिश्चित करती है कि मोबाइल उपयोगकर्ता आत्मविश्वास के साथ संवाद कर सकें। यह समाधान न केवल ग्राहकों को सुरक्षित रखेगा, बल्कि ब्रांड्स को भी अपने ग्राहकों के साथ वैध और भरोसेमंद संवाद स्थापित करने में मदद करेगा। प्रकाश/02 मार्च 2026