व्यापार
02-Mar-2026
...


:: वैश्विक दूरसंचार में परिवर्तनकारी योगदान के लिए मिला गौरव :: नई दिल्ली (ईएमएस)। ग्लोबल सिस्टम फॉर मोबाइल कम्युनिकेशन्स (जीएसएमए) ने भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक और चेयरमैन सुनील भारती मित्तल को प्रतिष्ठित लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें वैश्विक स्तर पर दूरसंचार परिदृश्य को बदलने और अरबों उपभोक्ताओं तक कनेक्टिविटी के विस्तार में निभाई गई उनकी निर्णायक भूमिका के लिए प्रदान किया गया है। बार्सिलोना में आयोजित मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस के दौरान स्पेन के राजा महामहिम फेलिप षष्ठम और स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज सहित वैश्विक उद्योग जगत के दिग्गजों की उपस्थिति में उन्हें यह पुरस्कार सौंपा गया। जीएसएमए के इतिहास में यह सम्मान केवल उन चुनिंदा व्यक्तियों को दिया जाता है जिन्होंने संचार व्यवस्था पर अमिट छाप छोड़ी है। सुनील भारती मित्तल के नेतृत्व में भारती एयरटेल आज भारत और अफ्रीका सहित दुनिया के शीर्ष तीन मोबाइल ऑपरेटरों में शामिल है, जो 50 करोड़ से अधिक ग्राहकों को सेवाएं दे रही है। उन्होंने वर्ष 2017 से 2018 तक जीएसएमए के चेयरमैन के रूप में कार्य करते हुए निवेश, नवाचार और डिजिटल समावेश को बढ़ावा देने वाली नीतियों का पुरजोर समर्थन किया। इससे पूर्व उन्हें 2008 और 2016 में जीएसएमए चेयरमैन अवॉर्ड से भी नवाजा जा चुका है। सम्मान ग्रहण करते हुए सुनील भारती मित्तल ने इसे भारत की दूरसंचार यात्रा और भारती परिवार की सामूहिक भावना का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि दूरसंचार एक ऐसी शक्ति है जो अवसरों का विस्तार कर मानवीय क्षमताओं के नए द्वार खोलती है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय अपने ग्राहकों, टीम और उन भागीदारों को दिया जो कनेक्टिविटी की परिवर्तनकारी शक्ति में विश्वास रखते हैं। उन्होंने भविष्य में भी नवाचार के माध्यम से विकास और समानता सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। प्रकाश/02 मार्च 2026