भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक विषय पर जिला स्तरीय आयोजन संपन्न दमोह : (ईएमएस)। “विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026” के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस ज्ञानचंद श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आपातकाल के 50 वर्ष : भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक था प्रभारी प्राचार्य डॉ पीके जैन के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया । मुख्य वक्ता साहित्यकार नरेंद्र दुबे ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रभावी भाषण कला, तार्किक क्षमता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजगता को युवाओं के लिए अनिवार्य बताया। राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. इंदिरा जैन ने संसदीय लोकतंत्र में संवाद, विचारों की गुणवत्ता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवाओं में राजनीतिक जागरूकता लोकतंत्र की स्थिरता का आधार है।विषय पर आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने प्रभावशाली एवं तथ्यपरक विचार प्रस्तुत किए। जिसमें प्रथम संजना पटेल, द्वितीय प्रतिभा शर्मा, तृतीय सौम्या पांडे, चतुर्थ सतीश अहिरवार और पांचवां स्थान अजय कुशवाहा का रहा। विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रथम चयनित पांच प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हेतु किया गया, जिन्हें आगामी चरण के लिए भेजा जाएगा। कार्यक्रम के पूर्व दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राहुल दुबे द्वारा और आभार प्रदर्शन एनएसएस जिला संगठक डॉ. जितेंद्र कुमार चौधरी ने किया। इस अवसर पर जिला समन्वयक मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद सुशील नामदेव, सहायक प्राध्यापक डॉ. मंगल सिंह अहिरवार, बीडी रैकवार, इरफान खान,विनोद साहू,नाजनीन बेगम,दीपा पांडे, सिद्धार्थ जाउरकर, डॉ अनिल जैन सहित स्टाफ उपस्थित रहा। ईएमएस/ मोहने/ 02 मार्च 2026