क्षेत्रीय
02-Mar-2026


देवघर(ईएमएस)। नगरपालिका (आम) निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही सोमवार से आदर्श आचार संहिता समाप्त हो गयी है।जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह डीसी नमन प्रियेश लकड़ा ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगरपालिका चुनाव की घोषणा के साथ ही 27 जनवरी 2026 से राज्य की सभी 48 नगरपालिकाओं में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि पंचायत और कैन्टोनमेंट क्षेत्र को छोड़कर जिन नगरपालिकाओं में आम चुनाव कराया गया था, वहां चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक आचार संहिता प्रभावी रही।अब मतदान, मतगणना और परिणाम प्रकाशन की प्रक्रिया पूर्ण हो जाने के बाद 2 मार्च से यह आचार संहिता स्वतः समाप्त हो गयी है।आचार संहिता लागू रहने के दौरान प्रशासनिक स्तर पर नई योजनाओं की घोषणा, शिलान्यास, उद्घाटन और कई प्रकार की सरकारी गतिविधियों पर प्रतिबंध लागू था। इसके कारण कई विकास योजनाएं और प्रशासनिक फैसले भी अस्थायी रूप से रोक दिए गए थे।आचार संहिता समाप्त होने के साथ ही अब नगर निकाय क्षेत्रों में विकास योजनाओं की घोषणा, प्रशासनिक निर्णय और विभिन्न सरकारी कार्यक्रम सामान्य रूप से फिर शुरू किए जा सकेंगे।इससे लंबित योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है। कर्मवीर सिंह/02मार्च/26