पलामू(ईएमएस)।पलामू जिले के थाना क्षेत्र के अरका पंचायत के काजी पकरी निवासी 70 वर्षीय राजदेव महतो की हत्या कर दी गयी। उसका शव दो दिन बाद सोमवार को तरहसी थाना क्षेत्र के सेवती डाक बंगला के समीप पदमा जाने वाली सड़क से सटे कुसुमटाड़ जंगल में बरामद किया गया।राजदेव के चेहरे पर तेज धारदार हथियार से वार करने के निशान मिले हैं। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण कराया और परिजनों को सौंप दिया है।इस संबंध में पत्नी दुलारी देवी के बयान पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी है।थाना प्रभारी आनंद राम ने बताया कि मामले की छानबीन शुरू कर दी गयी है। मृतक की पत्नी दुलारी देवी के अनुसार 27 फरवरी की रात में गांव में गोतिया के यहां श्राद्ध का भोज खाने के लिए पति-पत्नी दोनों गये थे।राजदेव ने शराब पी रखी थी।रात को पत्नी घर आ गयी।उसे लगा कि कुछ देर बाद राजदेव भी लौट जायेंगे, लेकिन नहीं लौटे।उनकी खोजबीन शुरू की गयी लेकिन कहीं कोई अता-पता नहीं चल सका।सोमवार को इस संबंध में थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी थी.इसी बीच सुबह में घर से कुछ दूर आगे कुसुमटाड़ जंगल में दुर्गंध आने पर लोगों ने देखा कि एक शव पड़ा है।सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।राजदेव के परिजनों ने शव की पहचान की। कर्मवीर सिंह/02मार्च/26