क्षेत्रीय
02-Mar-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). होली पर्व के अवसर पर राजा भोज कृषि महाविद्यालय के बीएससी (कृषि) ऑनर्स तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने एक सराहनीय एवं नवाचारी पहल करते हुए ऑर्गेनिक, रसायन-मुक्त एवं त्वचा के लिए सुरक्षित सुगंधित गुलाल का निर्माण किया। इस अभिनव प्रयास में छात्र श्रीकांत घारड़े, विघ्नेश बनवारी, प्रणाली चौधरी, पियूष, श्रेया, अभिषेक एवं मनोज की प्रमुख भूमिका रही। विद्यार्थियों ने पालक, चुकंदर, गुलाब, गाजर, पलाश के फूल तथा मक्के के आटे जैसे प्राकृतिक एवं घरेलू उत्पादों का उपयोग कर आकर्षक एवं विविध रंगों का गुलाल तैयार किया। यह गुलाल पूर्णत: प्राकृतिक, पर्यावरण अनुकूल तथा त्वचा के लिए सुरक्षित है। विद्यार्थियों ने अपने इस उत्पाद की बिक्री महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों के बीच की, जिसे सभी ने उत्साहपूर्वक सराहा। इस पहल को आत्मनिर्भरता एवं उद्यमिता की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है। महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. घनश्याम देशमुख ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए इसे नवाचार एवं स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में प्रेरणादायक प्रयास बताया। सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रतिभा बिसेन एवं डॉ. अतुल श्रीवास्तव सहित सभी प्राध्यापकगण एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों की इस पहल की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। महाविद्यालय परिवार ने इस पहल को पर्यावरण संरक्षण, नवाचार और स्वदेशी उत्पादों के प्रोत्साहन की दिशा में एक सार्थक शुरुआत बताया। भानेश साकुरे / 02 मार्च 2026