बालाघाट (ईएमएस). सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग द्वारा जिले के लालबर्रा तहसील के औद्योगिक क्षेत्र कनकी में रिक्त 8 औद्योगिक भूखंडों के आवंटन के लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट आमंत्रित किए गए हैं। यह प्रक्रिया 1 मार्च को सुबह 11 बजे से 15 मार्च की शाम 5 बजे तक संचालित की जाएगी। जिले के सभी इच्छुक उद्यमी निर्धारित अवधि में विभागीय पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक प्रीति मर्सकोले ने बताया है कि प्रत्येक भूखंड के लिए आवेदन शुल्क 5 हजार रुपये निर्धारित किया गया है, जो कि अपरिवर्तनीय (नॉन-रिफंडेबल) होगा। आवेदन शुल्क के अतिरिक्त, आवेदित भूमि की प्रचलित प्रीमियम राशि का 25 प्रतिशत अग्रिम भुगतान आवेदन तिथि पर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जमा करना अनिवार्य होगा। भूखंडों का आवंटन मध्यप्रदेश एमएसएमई को औद्योगिक भूमि तथा भवन आवंटन एवं प्रबंधन नियम 2025 के प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा। भूखंडों के आवंटन संबंधी समस्त नियम, प्रक्रिया एवं विस्तृत जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है। महाप्रबंधक मर्सकोले ने जिले के सभी इच्छुक उद्यमियों से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि में आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण करना सुनिश्चित कर ले। भानेश साकुरे / 02 मार्च 2026