तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन की गई जान छिंदवाड़ा (ईएमएस)। बीते २४ घंटे के दौरान तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गई। तीनों मामलो में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पहली घटना लावा घोघरी थाना क्षेत्र के बोदल ढाना की है। यहां रहने वाले एक युवक की सडक़ हादसे में जान चली गई। पुलिस ने बताया कि पांढुर्णा के चिमनखापा निवासी राजा पिता सुभाष बनके (३२) रविवार को अपनी बाइक से लावा घोघरी के मछेरा गांव रिश्तेदारी में गया था। यहां से वह रात करीब साढ़े नौ बजे लौट रहा था। तभी बोदल ढाना के पास सडक़ किनारे अंधेरे में खड़े ट्रक से जा टकराया। हादसा इतना दर्दनाक था कि राजा बनके की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है। अज्ञात वाहन की टक्कर में गई जान दूसरा मामला कोयलांचल के शिवपुरी थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाले एक युवक की सडक़ हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि शिवपुरी के माथनी निवासी मनोज पिता आत्माराम उइके(२८) रविवार की रात बाइक से अपने घर की तरफ लौट रहा था। इसी दौरान शराब भट्टी के समीप खड़े ट्रक से टकरा गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं थीं। उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अज्ञात वाहन ने युवक को रौंदा तीसरा मामला सौंसर के कुद्दम का है। यहां एक तेज रफ्तार चौपहिया वाहन ने बाइक सवार युवक को बुरी तरह रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बेरडी निवासी दुर्गेश पिता गणेश पठहरि के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दुर्गेश देर रात छिंदवाड़ा से वापस अपने घर बेरडी लौट रहा था। तभी उसे किसी अज्ञात वाहन ने बुरी तरह रौंद दिया। हादसे में उसकी मौत हो गई। ईएमएस/ मोहने/ 02 मार्च 2026