क्षेत्रीय
02-Mar-2026


१८ गांव के किसानों को लो वोल्टेज और ओवर लोडिंग की समस्या से मिली मुक्ति छिंदवाड़ा (ईएमएस)। शासन का उद्देश्य किसानों को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाना है। जिसके लिए कृषि, सिंचाई, विद्युत एवं ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में ठोस और परिणाममुखी कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि किसानों को समय पर हर संसाधन उपलब्ध हों सके, इसी उद्देश्य से अमरवाड़ा संभाग ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अमरवाड़ा के छुई गांव में जिले का प्रथम 10 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया है। इस ट्रांसफार्मर के स्थापित होने से छुई उपकेंद्र से जुड़े लगभग 18 गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। अब तक रबी सीजन के दौरान कम वोल्टेज एवं अपर्याप्त विद्युत आपूर्ति के कारण सिंचाई कार्य प्रभावित होता था, किंतु अब यह समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। इसके अतिरिक्त 33/11 केवी खिरेटी उपकेंद्र में स्थापित 3.15 एमवीए ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर 5 एमवीए कर दी गई है, जिससे 7 गांवों में वोल्टेज सुधार एवं बेहतर आपूर्ति सुनिश्चित होगी। वहीं हर्रई वितरण केंद्र अंतर्गत 33/11 केवी रातामाटी उपकेंद्र में अतिरिक्त 3.15 एमवीए का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर उपकेंद्र की क्षमता दोगुनी कर दी गई है, जिससे 13 गांवों में रबी सीजन के दौरान निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जा सकेगी। ओवरलोडिंग की समस्या से मिली निजात विद्युत विभाग के इस कार्य के बाद लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज एवं ओवरलोडिंग की समस्या से अब कृषि उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। परिणामस्वरूप सिंचाई कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा और फसल उत्पादन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। संभाग के अंतर्गत 7 वितरण केंद्रों के 24 ग्रामों में वितरण ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की गई है तथा अतिरिक्त वितरण ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि ये सभी कार्य रबी सीजन प्रारंभ होने से पूर्व ही पूर्ण कर लिए गए, जिससे किसानों को समय पर पर्याप्त बिजली उपलब्ध हो सके। अमरवाड़ा संभागीय क्षेत्र के किसानों एवं विद्युत उपभोक्ताओं ने विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। ईएमएस/ मोहने/ 02 मार्च 2026