क्षेत्रीय
03-Mar-2026
...


- वीर सावरकर प्रतिमा से अटल गेट तक बन रही सड़क पर 10.76 करोड़ होंगे खर्च; अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश :: इन्दौर (ईएमएस)। शहर के यातायात को सुगम बनाने और अधोसंरचना विकास को गति देने के लिए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सोमवार को वीर सावरकर प्रतिमा से अटल गेट तक निर्माणाधीन मास्टर प्लान सड़क का स्थल निरीक्षण किया। 18 मीटर चौड़ी यह सड़क शहर के ट्रैफिक दबाव को कम करने में मील का पत्थर साबित होगी। महापौर ने प्रथम चरण के कार्यों (दबंग दुनिया जीटीएस से लक्ष्मी मेमोरियल अस्पताल तक) की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान एमआईसी सदस्य राजेंद्र राठौर, अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर व अन्य अधिकारी मौजूद थे। :: बाधक निर्माणों पर चलेगा निगम का पंजा :: महापौर ने मार्ग में बाधक बने अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन्हें नोटिस जारी किए जा चुके हैं, उन पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। :: जनता को राहत : तत्काल होगा पेचवर्क :: क्षेत्रीय नागरिकों की असुविधा को देखते हुए महापौर ने अटल द्वार से बैरवा समाज धर्मशाला तक के मार्ग पर तत्काल पेचवर्क करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्य निर्माण कार्य पूरा होने तक गड्ढे भरकर आवागमन सुगम बनाया जाए। प्रकाश/02 मार्च 2026