क्षेत्रीय
03-Mar-2026
...


गुना (ईएमएस)। जिले के म्याना थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा साफा में एक 15 वर्षीय किशोरी की करंट लगने से असामयिक मौत हो गई। मृतक प्रीति अहिरवार पुत्री आशाराम अहिरवार कक्षा 9वीं की छात्रा थी और आगामी 5 मार्च से उसकी वार्षिक परीक्षाओं का पेपर था। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। खेत से मजदूरी कर लौटी थी प्रीति परिजनों के अनुसार, प्रीति सोमवार को दिनभर खेत पर फसल काटने (मजदूरी) गई थी। शाम करीब 7 बजे काम से लौटने के बाद वह नहाने के लिए बाथरूम में गई। उसी दौरान लाइट चली गई, तो वह अंधेरे के कारण होल्डर में बल्ब लगाने लगी। बाथरूम में पानी होने और बिजली के तारों में शॉर्ट-सर्किट की वजह से उसे जोरदार करंट लगा और वह बेहोश होकर गिर पड़ी। परिजन उसे तत्काल म्याना अस्पताल ले गए, जहां से उसे गंभीर हालत में गुना जिला अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी मृतक प्रीति अपने तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। वह पढ़ाई में होनहार थी और परिवार की मदद के लिए मजदूरी भी करती थी। मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। इस दौरान अस्पताल में शव वाहन की उपलब्धता न होने के कारण परिजन काफी समय तक परेशान होते रहे। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीताराम नाटानी