क्षेत्रीय
03-Mar-2026
...


- परिजनों का आरोप, बुजुर्ग पर पिकअप चढ़ाकर उतारा मौत के घाट गुना (ईएमएस)। जिले के कुंभराज थाना अंतर्गत ग्राम रामा खेजरा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां 70 वर्षीय बुजुर्ग रामप्रसाद लोधा की पिकअप वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हालांकि, मृतक के परिजनों ने इसे महज एक हादसा मानने से इनकार कर दिया है। परिजनों का गंभीर आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही कुछ दबंगों ने सुनियोजित तरीके से बुजुर्ग पर वाहन चढ़ाकर उनकी हत्या की है। धमकी के बाद हुई वारदात मृतक के बेटे लाल सिंह लोधा ने बताया कि गांव के कुछ लोगों से उनकी पुरानी रंजिश चल रही है, जिसकी शिकायत उन्होंने 12, 16 और 28 फरवरी को भी थाने में दर्ज कराई थी। लाल सिंह का आरोप है कि 1 मार्च को आरोपी रामधन, राजकुमार, रामविलास, सतीश, राहुल और हरिबहादुर सहित अन्य लोगों ने घर आकर धमकी दी थी कि तू बार-बार पुलिस में शिकायत करता है, अब तेरे घर में किसी पर गाड़ी चड़वाकर मार डालेंगे। इस धमकी के अगले ही दिन सोमवार शाम करीब 5 बजे, जब रामप्रसाद लोधा चक्की पर आटा लेने गए थे, तभी उन पर तेज रफ्तार पिकअप चढ़ा दी गई। पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल मृतक के भाई लाल सिंह लोधा ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना के बाद जब वे थाने पहुंचे, तो पुलिस ने संवेदनहीनता दिखाते हुए कहा कि तुम ढोंग कर रहे हो। परिजनों का दावा है कि पहले तो रिपोर्ट लिखने में आनाकानी की गई, बाद में बड़े अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद ही मामला दर्ज हुआ। घायल रामप्रसाद को पहले कुंभराज अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए उन्हें गुना रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। गांव में तनाव का माहौल बुजुर्ग की मौत के बाद गांव में तनाव व्याप्त है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने पहले ही जान के खतरे की आशंका जताई थी, लेकिन पुलिस ने आरोपियों को पकडक़र छोड़ दिया, जिससे उनके हौसले बुलंद हो गए। फिलहाल, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है। -सीताराम नाटानी