- 1.30 करोड़ की लागत से विकसित हो रहे दो प्रमुख उद्यान; डैन फॉरेस्ट तकनीक से होगा सघन वृक्षारोपण :: इन्दौर (ईएमएस)। इंदौर शहर में हरित क्षेत्र के विस्तार और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा मालवा वाटिका उद्यानों का विकास किया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने झोन क्रमांक 8 के अंतर्गत वार्ड 37 (महालक्ष्मी नगर एम.आर.-01) एवं वार्ड 30 (प्रेस क्लब परिसर) में निर्माणाधीन उद्यानों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने बताया कि महालक्ष्मी नगर एम.आर.-01 में लगभग 70 लाख रुपये और वार्ड 30 स्थित प्रेस क्लब परिसर में लगभग 60 लाख रुपये की लागत से इन उद्यानों को अत्याधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। इन उद्यानों की मुख्य विशेषता “डैन फॉरेस्ट” अवधारणा है, जिसके तहत यहाँ सघन वृक्षारोपण कर एक छोटे वन जैसा वातावरण तैयार किया जा रहा है। महापौर ने निर्माण स्थल पर बैठक व्यवस्था, पेवर ब्लॉक लगाने और शेष सिविल कार्यों की प्रगति देखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि मालवा वाटिका उद्यानों को इतना आकर्षक और सुविधापूर्ण बनाया जा रहा है कि ये न केवल स्थानीय निवासियों बल्कि अन्य क्षेत्रों के लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेंगे। :: स्वास्थ्य और सामाजिक गतिविधियों के बनेंगे केंद्र :: महापौर भार्गव ने विश्वास जताया कि ये उद्यान केवल शहर के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि नागरिकों के बेहतर स्वास्थ्य और सामाजिक मेल-मिलाप के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरेंगे। निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य राजेंद्र राठौर व अन्य अधिकारी उपस्थित थे। प्रकाश/02 मार्च 2026