क्षेत्रीय
03-Mar-2026
...


- पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में निकाला फ्लैग मार्च - असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी, आमजन को शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाने का दिया संदेश :: इंदौर (ईएमएस)। आगामी त्योहारों के दौरान शहर में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। पुलिस कमिश्नर द्वारा दिए गए प्रभावी कार्रवाई के निर्देशों के बाद शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों और भारी बल ने फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस कमिश्नर इंदौर के दिशा-निर्देशों के अनुक्रम में, नगरीय इंदौर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में थाना प्रभारियों और पुलिस बल के साथ वरिष्ठ अधिकारियों ने पैदल मार्च किया। इस मार्च का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद रखना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना जागृत करना है, ताकि सभी लोग हर्षोल्लास के साथ पर्व मना सकें। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने जहाँ एक ओर जनता को शांति और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर असामाजिक तत्वों को कड़ा अल्टीमेटम भी दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान खलल डालने वाले या शांति व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पूर्ण संवेदनशीलता और मुस्तैदी के साथ काम करें। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने स्थानीय नागरिकों से संवाद भी किया और उन्हें निर्भीक होकर त्योहार मनाने के लिए प्रेरित किया। प्रकाश/03 मार्च 2026