क्षेत्रीय
03-Mar-2026
...


- 8 दिनों में 1300 से अधिक वाहनों पर लगाए व्हील लॉक - अवैध पार्किंग के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति : 10 हजार से ज्यादा वाहनों को समझाइश देकर हटाया; प्रमुख बाजारों को जाम से मिली मुक्ति इंदौर (ईएमएस)। इंदौर शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में यातायात पुलिस का विशेष अभियान निरंतर जारी है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर.के. सिंह एवं पुलिस उपायुक्त (प्रभारी यातायात) राजेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में शहर के चारों यातायात जोन में विशेष पेट्रोलिंग टीमें तैनात की गई हैं। इन टीमों का मुख्य उद्देश्य शहर के व्यस्ततम मार्गों, प्रमुख बाजारों और अत्यधिक यातायात दबाव वाले स्थानों पर अवैध व अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण पाना है। इसी अभियान के तहत 21 फरवरी से 28 फरवरी तक यातायात पुलिस की सभी पेट्रोलिंग टीमों ने अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर भ्रमण और निरीक्षण किया। इस दौरान कालानी नगर, एयरपोर्ट रोड, बड़ा गणपति, इमली बाजार, बाणगंगा, मालवामिल, पाटनीपुरा, विजयनगर, जेल रोड, आरएनटी मार्ग, एमजी रोड, पलासिया, सपना संगीता, राजवाड़ा, जवाहरमार्ग और भोलाराम उस्ताद मार्ग जैसे क्षेत्रों में सघन कार्रवाई की गई। पुलिस ने पीए सिस्टम, बॉडी वॉर्न कैमरा, क्रेन और व्हील लॉक की सहायता से कुल 1312 वाहन चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की, जबकि 10 हजार से अधिक वाहनों को अनाउंसमेंट के माध्यम से मौके से हटवाया गया। यातायात पुलिस द्वारा कार्रवाई से पूर्व वाहन चालकों को लाउडस्पीकर के माध्यम से समझाइश और चेतावनी दी जा रही है, जिसके बाद भी नियमों का उल्लंघन जारी रहने पर व्हील लॉक और क्रेन के माध्यम से चालानी कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है। पुलिस उपायुक्त सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा व्यापारियों और रहवासियों के साथ निरंतर बैठकें की जा रही हैं, जिसमें नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की जा रही है। पुलिस की इस निरंतर सक्रियता के परिणामस्वरूप शहर के कई संवेदनशील क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुगम हुई है, जिसकी जिम्मेदार नागरिकों द्वारा भी सराहना की जा रही है। इंदौर यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर को व्यवस्थित बनाने हेतु यह विशेष पेट्रोलिंग और सख्त कार्रवाई का सिलसिला आगामी दिनों में भी इसी प्रकार जारी रहेगा। प्रकाश/03 मार्च 2026