- कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने ली मैदानी अधिकारियों की बैठक; संवेदनशील क्षेत्रों में भारी बल तैनात, सोशल मीडिया पर भी सख्त पहरा :: इंदौर (ईएमएस)। आगामी होली, धुलेंडी, रंगपंचमी और रमजान माह जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों को देखते हुए इंदौर पुलिस ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए कमर कस ली है। पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह ने पलासिया स्थित कार्यालय के सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित सिंह, आर.के. सिंह सहित सभी डीसीपी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि त्योहारों के दौरान शहर में शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे, इसके लिए आधुनिक संसाधनों और भारी पुलिस बल का उपयोग किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए पुलिस इस बार ड्रोन कंट्रोल यूनिट और सीसीटीवी कैमरों के जाल के माध्यम से हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेगी। शहर के चारों जोन में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी, ताकि असामाजिक तत्वों और गुंडे-बदमाशों की पहचान कर उन पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। त्योहारों के दौरान बलवा ड्रिल सामग्री और आधुनिक संसाधनों से लैस पुलिस बल पूरे शहर में तैनात रहेगा। विशेष रूप से होलिका दहन के पारंपरिक और गैर-विवादित स्थलों पर सघन पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाएगी ताकि यातायात बाधित न हो और आगजनी जैसी घटनाओं से बचा जा सके। महापौर और पुलिस प्रशासन ने आयोजकों के लिए भी कड़े नियम तय किए हैं। होटल, गार्डन और रिसॉर्ट में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की सतत मॉनिटरिंग की जाएगी। आयोजकों को सीसीटीवी कैमरे लगाने, पार्किंग व्यवस्था करने और प्रतिभागियों की आईडी चेक करने जैसी शर्तों का पालन करना अनिवार्य होगा। डीजे का संचालन भी निर्धारित डेसीबल और समय सीमा के भीतर ही करना होगा, उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही नशा कर उत्पात मचाने वालों, शराबखोरी करने वालों और खतरनाक केमिकल युक्त रंगों की बिक्री करने वालों के विरुद्ध भी सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। धार्मिक संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने निर्देश दिए हैं कि रमजान और होली के दौरान आपसी समन्वय और शांति समिति की बैठकों के माध्यम से सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखा जाए। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर साइबर सेल की सतत निगरानी रहेगी। इसके अतिरिक्त रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और होटलों में चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है। इंदौर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे हर्षोल्लास के साथ त्यौहार मनाएं और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। प्रकाश/03 मार्च 2026