ज़रा हटके
08-Mar-2026
...


वाशिंगटन (ईएमएस)। हाल ही में गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और ओपनएआई जैसी कंपनियों ने मिलकर अमेरिकी प्रशासन यानी ट्रंप सरकार से बातचीत की थी कि वह एंथ्रोपिक पर दबाव ना बनाए। इसके बावजूद ट्रंप सरकार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी एंथ्रोपिक को सप्लाई चेन रिस्क घोषित किया है। इसका सीधा मतलब ये है कि सरकारी फर्म को एंथ्रॉपिक एआई चैटबॉट के यूज को बंद करना पड़ेगा। पेंटागन ने बताया कि आधिकारिक तौर पर एंथ्रोपिक की लीडरशिप को बताया जा चुका है। अब उनकी कंपनी और उसके प्रोडक्ट्स को तत्काल प्रभाव से सप्लाई चेन जोखिम माना गया है। यह फैसला दिखाता है कि शायद एंथ्रोपिक के साथ आगे होने वाली बातचीत की संभावना लगभग खत्म हो चुकी है। ट्रंप सरकार का फैसला तब सामने आया है, जब करीब एक सप्ताह पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कंपनी पर नेशनल सिक्योरिटी को खतरे में डालने का आरोप लगाया था। ईरान युद्ध से ठीक पहले ट्रंप और हेगसेथ ने कई पेनाल्टी के बारे में बताया था। एंथ्रोपिक के सीईओ डारियो अमोदेई ने कहा था कि कंपनी के एआई प्रोडक्ट्स का यूज अमेरिकियों की सर्विलांस या ऑटोनोमस हथियार के लिए किया जा सकता है, जबकि वह ऐसा नहीं चाहते हैं। सैन फ्रांसिस्को स्थित कंपनी ने ट्रंप के फैसले पर कोई जवाब नहीं दिया है। हालांकि इसके पहले एंथ्रोपिक ने कहा था कि अगर पेंटागन ऐसा कोई कदम उठाती है, तब कंपनी अदालत का रुख करेगी। कंपनी ने कहा था कि यह कानूनी रूप से गलत होगा और ऐसा पहले कभी भी किसी अमेरिकी कंपनी के खिलाफ सार्वजनिक रूप से नहीं किया गया है। इस बीच बहुत सी फर्म जो अमेरिका सेना के लिए काम करती हैं, उन्होंने पहले ही एंथ्रॉपिक से दूरी बनाने लगे हैं। टेक इंडस्ट्री में तेजी से आगे बढ़ रही ये कंपनी अपने एआई चैटबॉट को कई बिजनेस और सरकारी एजेंसियों को उपलब्ध कराती है। पेंटागन के साथ विवाद ने एंथ्रोपिक और ओपन एआई के बीच दुश्मनी को बढ़ा दिया है। इसी बीच ओपनएआई ने बीते पेंटागन के साथ एक समझौते की घोषणा की। आशीष/ईएमएस 08 मार्च 2026