लॉस एंजेलिस (ईएमएस)। अमेरिका के 82 वर्षीय संगीतकार कैथ रिचर्डस कुछ ही महीनों में पहली बार परदादा बनने जा रहे हैं। हाल ही में सोशल मीडिया के जरिए उनकी मॉडल पोती इल्ला रिचर्डस ने यह खुशखबरी साझा की है कि वह अपने पहले बच्चे की उम्मीद कर रही हैं। 29 वर्षीय एला रिचर्ड्स ने इंस्टाग्राम पर एक ब्लैक-एंड-व्हाइट फोटो पोस्ट की, जिसमें वह अपना बेबी बंप थामे नजर आ रही हैं। इस पोस्ट के साथ उन्होंने अपने फैंस और दोस्तों को बताया कि वह अपने बॉयफ्रेंड साशा वोन बिसमार्क के साथ जल्द ही माता-पिता बनने वाले हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, बच्चे के जन्म के साथ ही कीथ रिचर्ड्स पहली बार परदादा बन जाएंगे, जिससे उनके परिवार में खुशी का माहौल है। एला रिचर्ड्स, मारलोन रिचर्डस और लुसी डे ला फालाऐस की बेटी हैं। मार्लन, कीथ रिचर्ड्स और उनकी लंबे समय तक साथी रहीं दिवंगत मॉडल और अभिनेत्री अनिता पालेनबर्ग के बेटे हैं। अनीता पैलेनबर्ग का 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था, लेकिन वह अपने समय की चर्चित मॉडल और अभिनेत्री मानी जाती थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एला पिछले कई वर्षों से फोटोग्राफर साशा वॉन बिस्मार्क के साथ रिश्ते में हैं। दोनों ने साल 2023 की शुरुआत में अपने रिश्ते को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया था। एला ने एक मैगजीन इंटरव्यू के दौरान बताया था कि साशा के साथ काम करना उनके लिए बेहद सहज अनुभव होता है, क्योंकि वह उनकी तस्वीरें खींचते समय उन्हें बहुत आरामदायक महसूस कराते हैं। उनके अनुसार फोटोग्राफी एक बेहद निजी अनुभव होता है और साशा के साथ यह प्रक्रिया बहुत स्वाभाविक लगती है। एला की गर्भावस्था की घोषणा के बाद फैशन और मनोरंजन जगत की कई मशहूर हस्तियों ने उन्हें बधाई दी। इनमें मॉडल स्टेला मेक्सवेल, जाडे परफीट और पॉपी डिलेविंग्ने जैसे नाम शामिल हैं, जिन्होंने सोशल मीडिया पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। गौरतलब है कि द रोलिंग स्टोन्स के एक अन्य सदस्य मिक जागेर पहले ही परदादा बन चुके हैं। वह साल 2014 में तब परदादा बने थे, जब उनकी पोती असीसी जेक्सन ने अपने पहले बच्चे को जन्म दिया था। साशा वॉन बिस्मार्क जर्मनी के एक प्रतिष्ठित अभिजात्य परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वह फोटोग्राफर निकोलोई वोन बिसमार्क के छोटे भाई हैं, जिनका नाम पहले सुपरमॉडल केट मॉस के साथ रिश्ते को लेकर भी चर्चा में रहा था। सुदामा/ईएमएस 09 मार्च 2026