- देश के आयात बिल और महंगाई पर भी असर पड़ने की आशंका नई दिल्ली (ईएमएस)। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों के शेयरों में सोमवार को शुरुआती कारोबार में तेज गिरावट दर्ज की गई। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) का शेयर 8.67 प्रतिशत, भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) का 8.43 प्रतिशत और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) का 7.29 प्रतिशत टूट गया। विशेषज्ञों का कहना है कि इस गिरावट का मुख्य कारण पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव और उससे तेल की कीमतों में आई तेजी है। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल का मानक ब्रेंट क्रूड 114 डालर प्रति बैरल पर पहुंच गया। इस उछाल से न सिर्फ तेल कंपनियों के मुनाफे पर दबाव बढ़ा है, बल्कि देश के आयात बिल और महंगाई पर भी असर पड़ने की आशंका है। तेल की बढ़ती कीमतों से पेंट उद्योग भी प्रभावित हुआ। एशियन पेंट्स का शेयर 5.12 प्रतिशत, इंडिगो पेंट्स 4.83 प्रतिशत, बर्जर पेंट्स 4.80 प्रतिशत और कंसाई नेरोलैक पेंट्स 4.72 प्रतिशत टूट गए। इसकी वजह पेंट उद्योग में उपयोग होने वाली कच्ची सामग्री की लागत बढ़ना है, जो तेल और पेट्रोलियम उत्पादों पर निर्भर है। सतीश मोरे/09मार्च ---